क्रूज जहाज पर छापेमारी में ‘बाहरी लोगों’ को शामिल करने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की आलोचना करने के 2 दिन बाद, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शुक्रवार को एक और खुलासा करने की चेतावनी दी कि कैसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े एक व्यक्ति को एजेंसी ने कथित रूप से भागने में मदद की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता और महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा, मेरे पास फोटो और वीडियो समेत पूरे सबूत हैं.. अगर एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े की बात करें तो उन्होंने खुद कहा था कि ‘8 से 10’ आरोपियों को 2 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया, आखिरकार केवल 8 नाम सामने आए, बाकी 2 का क्या हुआ।
उन्होंने एनसीबी पर कथित रूप से अन्य 2 लोगों की मदद करने का आरोप लगाया, जिनमें एक भाजपा नेता से संबंधित है और उन्हें बेनकाब करने की चेतावनी दी। मलिक ने यह भी कहा कि गंभीर सवाल उठते हैं कि भाजपा के कौन से नेता वानखेड़े के संपर्क में हैं, पार्टी और संबंधित पहलुओं के साथ उनके क्या संबंध हैं, और यह कैसे बॉलीवुड और राज्य में महा विकास अघाड़ी सरकार को बदनाम करने के लिए काम कर रहा है।
राकांपा नेता ने इससे पहले सनसनीखेज खुलासे किए थे कि कैसे कम से कम 2 निजी व्यक्ति, जो भाजपा कार्यकर्ता निकले, 2 अक्टूबर को लक्जरी जहाज कॉर्डेलिया क्रूज पर रेव पार्टी के छापे में शामिल थे। जबकि भाजपा के एक कार्यकर्ता ने पहले ही स्वीकार कर लिया है कि वह एनसीबी का मुखबिर था। वहीं अन्य ने एक निजी जासूस होने का दावा किया है और कथित तौर पर इसबारे में पुणे में पुलिस रिकॉर्ड हैं।
हालांकि, एजेंसी ने कहा है कि वे जहाज पर कार्रवाई के दौरान अन्य लोगों के साथ ‘स्वतंत्र गवाह’ हैं, जिसमें मेगास्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को पकड़ा गया था और वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है। सत्तारूढ़ एमवीए सहयोगियों के नेता, शिवसेना के किशोर तिवारी और कांग्रेस के सचिन सावंत, पहले ही पूरे रेव पार्टी के छापे प्रकरण की उच्च-स्तरीय जांच की मांग कर चुके हैं, जिसमें आरोप लगाया गया है कि एनसीबी मुंबई ने एनडीपीएस अधिनियम के नियमों का उल्लंघन किया है।


Download Android App
Download iOS App



