छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राज्य की कांग्रेस सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए ग्राम स्वराज के संदेश को आत्मसात कर किसानों, मजदूरों, महिलाओं और गांव के विकास के लिए सतत काम कर रही है। बघेल ने गांधी विचार पदयात्रा के तीसरे दिन जिले के नगर पंचायत भखारा में कल रात आयोजित सभा में कहा कि जिस तरह गांधीजी अहिंसा के पथ पर चलकर क्रांति लाये और देश को ब्रिटिश हुकूमत से आजादी दिलाई।
वह अपने आप में मिशाल है। महात्मा गांधी ने सामाजिक चेतना लाने के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का काम भी किया। बघेल ने कहा, उन्हीं के सत्य, अहिंसा और करुणा के संदेश को आगे बढ़ने यह गांधी विचार यात्रा ऐतिहासिक नहर सत्याग्रह की तपोभूमि कंडेल से गत 4 अक्टूबर से शुरू की गयी है और 10 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में जाकर समाप्त होगी।
राजस्थान में शराबबंदी पर बोले अशोक गहलोत- गुजरात में है प्रतिबंध, फिर भी घर-घर में पी जाती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ करने का नतीजा है कि उनकी जेब में पैसे है। प्रदेश में ऑटो मोबाइल सेक्टर में मंदी नहीं, बल्कि वृद्धि हुई है। इस मौके पर बघेल ने दो स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया। उन्होंने 28 करोड़ के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण किया और भखारा के अटल चौक में स्थापित गांधीजी की मूर्ति का अनावरण किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि देश का विकास तभी संभव है जब गांव और ग्रामीणों का विकास हो। महिलाएं सशक्त हों, युवाओं को रोजगार मिले, यह गांधी जी का विचार था। इस दिशा में प्रदेश सरकार सतत प्रयासरत है।