कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने गोवा विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उनकी पार्टी के बीच होने का दावा करते हुए सोमवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके इस आकलन की “पुष्टि” कर दी है कि आम आदमी पार्टी (आप) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) केवल गैर-भाजपा मतों को “विभाजित” करेंगे। आप के संयोजक केजरीवाल ने कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘रोना बंद करें’ क्योंकि कांग्रेस को वोट करने का मतबल भाजपा को वोट करना है तथा गोवा के लोग इस बारे में वहां मतदान करेंगे जहां उन्हें उम्मीद दिखाई देती है।
खंडित जनादेश के वक्त AAP गठबंधन सरकार का हिस्सा बनने के लिए है तैयार
बता दें कि इससे एक दिन पहले, केजरीवाल ने कहा था कि अगर गोवा में 14 फरवरी के विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश आता है तो उनकी पार्टी गठबंधन सरकार का हिस्सा बनने के लिए तैयार है। गोवा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ चुनाव पर्यवेक्षक ने गोवा के मतदाताओं से शासन में बदलाव के लिए वोट डालने और कांग्रेस को चुनने की अपील की। उन्होंने कहा, “मेरा आकलन कि आप (और टीएमसी) गोवा में गैर-भाजपा वोटों को केवल खंडित करेंगे, इसकी अरविंद केजरीवाल ने पुष्टि कर दी है। गोवा में मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है।”
कांग्रेस का दावा- गोवा चुनाव उनके और BJP के बीच मुकाबला
कांग्रेस नेता ने सिलसिलेवार ढंग से ट्वीट करते हुए कहा, “जो लोग शासन बदलना चाहते हैं (10 वर्षों के कुशासन के बाद) वे कांग्रेस को वोट करेंगे। जो इसी शासन को जारी रखना चाहते हैं, वे भाजपा को वोट करेंगे।” उन्होंने कहा कि गोवा में मतदाताओं के सामने विकल्प साफ है। कांग्रेस नेता ने पूछा कि आप लोग शासन में बदलाव चाहते हैं या नहीं। उन्होंने कहा, “मैं गोवा के मतदाताओं से शासन बदलने और कांग्रेस को वोट देने की अपील करता हूं।”
केजरीवाल ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए किया पलटवार
उनके ट्वीट को रिट्वीट करते हुए केजरीवाल ने उन पर पलटवार किया, ‘‘सर, रोना बंद कीजिए- ‘हाय रे, मर गए रे, हमारे वोट काट दिए रे।’ गोवा के लोग वहां वोट करेंगे जहां उन्हें उम्मीद दिखाई देती है।’’ केजरीवाल ने दावा किया, ‘‘कांग्रेस, भाजपा के लिए उम्मीद है, गोवा के लोगों के लिए नहीं। कांग्रेस के 17 विधायकों में से 15 भाजपा में चले गए। कांग्रेस इस बात की गारंटी देती है कि उसको मिला हर वोट भाजपा के पास सुरक्षित ढंग से चला जाएगा। भाजपा को वोट देने के लिए सुरक्षित रास्ता कांग्रेस से होकर जाता है।’’ गोवा में विधानसभा की सभी 40 सीटों पर मतदान 14 फरवरी को होना है।



Download Android App
Download iOS App



