दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को यानी आज कहा कि गोवा में उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर टैक्सी और ऑटोरिक्शा संचालकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक निकाय का गठन किया जाएगा। गोवा दौरे के दूसरे दिन वास्को में टैक्सी संघों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में केजरीवाल ने कहा कि आप टैक्सी और ऑटोरिक्शा संचालकों का पूरा-पूरा ख्याल रखेगी।
आप नेता ने कहा कि टैक्सी और ऑटोरिक्शा पर्यटन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण हैं और संचालकों को उनका कामकाज करने के लिए जरूरी मदद दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप के सत्ता में आने पर अगर कोई टैक्सी या ऑटो चालक सड़क दुर्घटना में घायल हो जाता है तो उसके इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
केजरीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने के लक्ष्य से राज्य के परिवहन विभाग में पारदर्शी प्रणाली लागू की जाएगी और सारा काम ऑनलाइन होगा। टैक्सियों के लिए मीटर लगाना अनिवार्य करने संबंधी उच्च न्यायालय के आदेश के संबंध में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि टैक्सी संचालकों के सामने आ रही समस्या को ध्यान में रखते हुए आप इसे उच्चतम न्यायालय में चुनौती देगी।


Download Android App
Download iOS App



