सोनी सब टीवी के शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ का हर किरदार इस शो की जान है। शो में हर एक किरदार अपना एक अलग महत्व रखता है। कई सालों तक इस शो में अपने अभिनय का जादू दिखाने वाले नट्टू काका उर्फ घनश्याम नायक ने 3 अक्टूबर को दम तोड़ दिया था। कैंसर से पीड़ित घनश्याम नायक अपने फैंस को अलविदा कह गए। घनश्याम नायक के निधन के बाद पिछले कई दिनों से ऐसी चर्चाएं हैं कि बहुत ही जल्द शो को उनका रिप्लेसमेंट मिलने वाला है।

कुछ ही पहले एक तस्वीर के साथ एक खबर वायरल हुई कि शो में नट्टू काका को रिप्लेस करने के लिए नया एक्टर एंट्री लेने वाला है। वहीं अब इस खबर पर खुद शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने बड़ा खुलासा किया है। इस तस्वीर के वायरल होने के बाद शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने एक इंटरव्यू में यह साफ कर दिया है कि वायरल होने वाली तस्वीर सही नहीं है। नट्टू काका के किरदार का रिप्लेसमेंट नहीं होगा।

इस मामले में असित ने काफी इमोशनल जवाब दिया है। उन्होंने कहा, ‘सीनियर एक्टर को गुजरे हुए मुश्किल से एक महीना ही हुआ है। घनश्याम नायक उर्फ नट्टू काका मेरे अच्छे दोस्त रहे हैं और मैंने उनके साथ कई सालों तक काम किया है। शो में उनके योगदान की हम इज्जत करते हैं। अभी तक, उनके कैरेक्टर के रिप्लेसमेंट को लेकर हमने कुछ भी प्लान नहीं किया है।’ इसके आगे वह कहते हैं, ‘बहुत सी अफवाहें उड़ रही हैं, लेकिन ऑडियंस से प्रार्थना करता हूं कि उन पर ध्यान न दें।’

इसके साथ ही असित कुमार मोदी ने घनश्याम नायक को भी याद किया। असित मोदी ने घनश्याम नायक को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बाल कलाकार के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था। इसके बाद वह कई हिंदी और गुजराती फिल्मों में नजर आए। हालांकि, उन्हें असली पहचान मिली तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो के किरदार नट्टू काका से, जो जेठालाल गडा की दुकान में अकाउंट्स का काम संभालते थे। नट्टू काका का किरदार शो में खूब पसंद किया गया।


Download Android App
Download iOS App



