कतर एयरवेज की दोहा से बाली जा रही फ्लाइट को एक महिला ने चेन्नई एयरपोर्ट पर उतारने के लिए मजबूर कर दिया। इस विमान को एक विवाद के चलते चेन्नई एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। लेकिन जिस विवाद की वजह से विमान को उतारना पड़ा वो बड़ी हैरान करने वाली है।
दरअसल, हवाई जहाज में बैठे एक पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। महिला का कहना था कि उसके पति ने उसके साथ धोखा किया है और इसे लेकर विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने प्लेन को बीच में उतारने पर मजबूर कर दिया।
जानकारी के अनुसार महिला ईरान की रहने वाली है और वो इस फ्लाइट में अपने पति के साथ सफर कर रही थी। इस बीच जब पति सो गया तो महिला ने उसकी उंगली की मदद से पति का फोन अनलॉक कर दिया और उसमें कुछ ऐसी चीजें देख ली जिससे यह साबित हो गया कि उसका पति उसे धोखा दे रहा है।
महिला नशे में थी और उसने हवाई जहाज के क्रू मेंबर्स के साथ भी बदतमीजी की। शुरू में वहां मौजूद कर्मचारियों नें महिला को शांत कराने की कोशिश की लेकिन स्थिति को हाथ से निकलता देख कर्मचारियों ने प्लेन रोककर महिला को पति सहित बाहर निकालने का निर्णय लिया।इसके बाद विमान इंडोनेशिया के बाली में पहुंचा।
चेन्नई एयरपोर्ट के अधिकारियों ने महिला को नशे से बाहर आने तक एयरपोर्ट पर ही रखने का निर्णय लिया। बाद में उन्हें कुआलालांपुर जाने वाली फ्लाइट से भेज दिया गया और वहां से वे दोहा चले गए।