तेलंगाना : खुद को आग लगाने वाले आरटीसी चालक की मौत

Summary :

खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम के एक चालक की रविवार को एक अस्पताल में मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित रोडवेज कर्मियों और विपक्षी दलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) के एक चालक की रविवार को एक अस्पताल में मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित रोडवेज कर्मियों और विपक्षी दलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। 
श्रीनिवास रेड्डी ने शनिवार को खम्मान शहर में खुद को आग लगा ली थी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें हैदराबाद स्थित अपोलो डीआरडीओ अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। चालक ने यह आत्मघाती कदम टीएसआरटीसी कर्मियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उठाया था, जिनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को 9वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। 
कर्मचारी संघ का आरोप है कि रेड्डी को मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के उस फैसले के बाद अपनी नौकरी जाने का डर था, जिसमें उन्होंने कहा था कि लगभग 48,000 कर्मियों ने सरकार द्वारा तय अंतिम तिथि से पहले काम पर नहीं लौटकर अपनी नौकरी से हाथ धोया है। उन्होंने इन कर्मियों को टीएसआरटीसी में वापस नियुक्त करने से इंकार कर दिया था। 
चालक की मौत के बाद कंचनबाग क्षेत्र में अस्पताल के निकट तनाव फैल गया, जब टीएसआरटीसी कर्मचारी संघ के नेता और विपक्षी दल के नेता वहां पहुंच गए और रेड्डी की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार बताते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। 

Desk Team