आज से देहरादून आने-जाने वाली 12 ट्रेनें रहेंगी रद

Summary :

हरिद्वार-लक्सर के बीच दोहरीकरण कार्य को दो बार स्थगित करने के बाद आखिरकार रेलवे मुख्यालय ने तीसरी बार में 13 से 22 अक्टूबर तक दोहरीकरण कार्य को स्वीकृति दे दी है।

देहरादून : हरिद्वार-लक्सर के बीच दोहरीकरण कार्य को दो बार स्थगित करने के बाद आखिरकार रेलवे मुख्यालय ने तीसरी बार में 13 से 22 अक्टूबर तक दोहरीकरण कार्य को स्वीकृति दे दी है। इस बीच देहरादून आना-जाना करने वाली 12 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि चार ट्रेन बीच रास्ते के स्टेशन तक आना-जाना करेंगी। 
वहीं, तड़के व देर रात आना-जाना करने वाली चार ट्रेन देहरादून तक आती-जाती रहेंगी, लेकिन रेलवे बोर्ड ने देहरादून से आवाजाही करने वाले यात्रियों को अंतिम समय तक असमंजस की स्थिति में रखा। सही समय से अगर यात्रियों को ब्लॉक के बारे में सूचित किया जाता तो यात्री अपनी यात्रा के लिए विकल्प तैयार रखते। रेलवे द्वारा आनन-फानन में उठाए गए इस कदम से यात्री और रेल के बीच की भरोसे की डोर को जरूर ठेस पहुंची होगी। 
हरिद्वार व लक्सर के बीच पांच स्टेशनों पर दोहरीकरण का कार्य होना है। जिसके लिए मुरादाबाद मंडल ने पहले नौ अक्टूबर, फिर 11 अक्टूबर और इसके बाद 13 अक्टूबर से हरिद्वार व लक्सर के बीच दोहरीकरण कार्य करने के लिए प्रस्ताव भेजा था, जिस पर रेलवे मुख्यालय ने 13 अक्टूबर से दोहरीकरण कार्य करने की स्वीकृति दे दी है। जिसके चलते 13 से 22 अक्टूबर के बीच ट्रेन के माध्यम से देहरादून से आना-जाना करने वाले यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ेगी। 

Desk Team