महाराष्ट्र के मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक ने एक टेलीफोन बातचीत साझा करते हुए क्रूज ड्रग्स मामले में नया मोड़ ला दिया है। दरअसल, यह बातचीत कथित तौर पर सैनविले एड्रियन डिसूजा उर्फ सैम डिसूजा और एक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारी के बीच हुई थी। सैम डिसूजा का नाम मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में सामने आया है, जिसके कारण बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था।
जानिए NCB अधिकारी और सैम डिसूजा के बीच क्या हुई बातचीत
ऑडियो में सैम डिसूजा ने अपना परिचय सैनविले के रूप में दिया है, उसने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ((एनसीबी) के एक अधिकारी वीवी सिंह को बुलाया। ऑडियो क्लिप में सैम डिसूजा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह एजेंसी द्वारा उसके घर पर दिए गए नोटिस के जवाब में फोन कर रहा था। इस ऑडियो में जब एनसीबी अधिकारी ने उन्हें तुरंत रिपोर्ट करने के लिए कहा तो सैम डिसूजा ने और समय मांगा क्योंकि वह उस समय कथित तौर पर मुंबई से बाहर थे।
एनसीबी अधिकारी ने तब सैम को बैठक के लिए अपना फोन लाने के लिए कहा और फोन बदलने के खिलाफ चेतावनी दी।एनसीपी नेता नवाब मलिक ने रविवार को ऑडियो बातचीत को ट्वीट किया और साथ ही यह नोटिस भी पोस्ट किया जो सैम डिसूजा को दिया गया था।
जानें कौन है सैम डिसूजा
सैम डिसूजा का नाम कथित जबरन वसूली रैकेट मामले में शामिल था, जो एनसीबी द्वारा ड्रग्स-ऑन-क्रूज मामले की जांच के दौरान सामने आया था, जिसमें शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था। बॉम्बे हाई कोर्ट में एक अग्रिम जमानत याचिका दायर करते हुए, सैम डिसूजा ने क्रूज ड्रग्स मामले में आर्यन खान की मदद करने के आरोप लगाए। सैम ने कहा कि मामले के 5 गवाहों ने शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी से पैसे लिए हैं।
अपनी याचिका में डिसूजा ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि आर्यन खान की मदद करने के लिए गोसावी ने उन्हें बरगलाया था। सैम ने कहा कि उसने आर्यन खान को एनसीबी द्वारा हिरासत में लिए जाने के एक दिन बाद 3 अक्टूबर को पूजा ददलानी और गोसावी के बीच बैठक की व्यवस्था की। डिसूजा ने दावा किया कि ददलानी और गोसावी ने निजी तौर पर बात की और शाहरुख खान के मैनेजर ने गोसावी को 50 लाख रुपये दिए।


Download Android App
Download iOS App



