कोटद्वार : क्षेत्रीय विधायक व वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के विभागीय अधिकारियों की बैठक में लाल बत्ती चौक समेत नेशनल हाईवे को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए। मंत्री ने एक सप्ताह के भीतर लाल बत्ती चौक को चौड़ा कर यातायात व्यवस्था बनाने को कहा। कहा कि भाबर में सिंचाई विभाग पूर्व की भांति सिंचाई व्यवस्था और नहरों के रखरखाव का काम करता रहेगा।
आपदा से क्षतिग्रस्त नहरों के निर्माण के लिए उन्होंने विभाग से आगणन बनाकर प्रस्तुत करने को कहा। कहा कि इस साल दिसंबर माह से ही रिवर ट्रेनिंग और चैनेलाइजेशनका काम शुरू कर दिया जाएगा। वन मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने आज अपने वन विभाग कॉलोनी स्थित आवास में पुलिस, प्रशासन, वन, नगर निगम, सिंचाई व खनन विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार भाबर का समूचा क्षेत्र आपदा की दृष्टि से संवेदन शील है। बाढ़ सुरक्षा के लिहाज से इस बार भी नदियों में रिवर ट्रेनिंग और चैनेलाइजेशन का काम हुआ लेकिन देर से काम शुरू होने से कई क्षेत्रों में आपदा ने कहर बरपाया। उन्होंने कहा कि इस बार नदियों में सफाई का कार्य दिसंबर के प्रथम सप्ताह से ही शुरू करा दिया जाएगा। कहा कि मालन नदी में वन विकास निगम की ओर से खनन शुरू कराने की तैयारी कर दी गई है। सुखरौ नदी में वन और सिविल दोनों क्षेत्रों में रिवर ट्रेनिंग और चैनेलाइजेशन कराया जाएगा।
सिंचाई गुलों के क्षतिग्रस्त होने के मामले में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आगणन बनाकर प्रस्तुत करने को कहा। वन मंत्री ने नेशनल हाईवे, नगर निगम, जिला प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर लाल बत्ती चौक समेत नेशनल हाईवे को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए। नगर निगम को कूड़ा निस्तारण के लिए हल्दुखाता समेत अन्य क्षेत्र में जमीन तलाशने को कहा गया।


Download Android App
Download iOS App



