गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने दावा किया है कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार देश को विकास के पथ पर ले जाने की कोशिश कर रही है जबकि केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन डर का माहौल बना रहे हैं।
कथित राजनीतिक हिंसा और जेहाद का पर्दाफाश करने के लिए भाजपा की ओर से आहूत जन रक्षा यात्रा में कल हिस्सा लेते हुए पर्रिकर ने कहा कि वाम पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमले की वजह से बनी राज्य की खराब छवि को सुधारने के लिए केरल के सभी लोगों को एकजुट होना चाहिए।
पर्रिकर ने आरोप लगाया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार देश को विकास के पथ पर ले जाने का प्रयास कर रही है जबकि मुख्यमंत्री पिनारई विजयन भय का माहौल बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, राज्य के सभ्य लोगों को माकपा की राजनीतिक हिंसा की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सब को बदलाव का अगुआ बनना चाहिए। गोवा के मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत बदलाव के पथ पर है और पूरी दुनिया के लोग इस बात को स्वीकार कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App




