पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब की एक दुकान पर मानसिक रूप से विक्षिप्त एक व्यक्ति ने चार लोगों की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पीड़ितों में से तीन लोग आसनसोल के शिवपुर इलाके में शराब की एक दुकान के भीतर सो रहे थे, तभी मध्यरात्रि में आरोपी ने डंडे से अचानक उन पर हमला कर दिया। वह उन पर ताबड़तोड़ वार करता रहा। अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की चीखें सुनकर कुछ स्थानीय लोग वहां पर पहुंचे। कुछ लोगों ने नजदीक के पुलिस थाने को घटना की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बाहर आकर आरोपी ने वहां पहुंचे एक और व्यक्ति पर हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। अधिकारी ने बताया कि चारों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



