नीतीश सरकार के सुशासन में अपराधियों के हौसले दिनों-दिन बुलंद होते जा रहे है। बिहार में वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस के निकट महात्मा गांधी सेतु रोड पर अपराधियों ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जिले के गोरौल थाना के सोंधोरत्ती गांव निवासी दीना नाथ राय (35) कल देर रात मोटरसाइकिल से पटना स्थित अपने कार्यालय जा रहा था तभी सर्किट हाउस के निकट पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
सूत्रों ने बताया कि हत्या के कारणों का तत्काल पता नही चल सका है। दीना नाथ राय को 2 गोलियां मारी गई थीं। वहीं, हत्या के बाद हाजीपुर सदर अस्पताल में पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार सुनकर लोगों का जमावड़ा लग गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
SHO अभय कुमार के मुताबिक दीनानाथ राय ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते थे। वो मंगलवार को अपने घर गोरौल सोन्धो से पटना के लिए निकले थे। उनका शव हाजीपुर सर्किट हाउस के सामने से बरामद हुआ, लेकिन वंहा पर खून नहीं मिला है। इससे ऐसा लगता है कि दीनानाथ की हत्या कहीं और की गई और शव को बाद में वहां लाकर डाल दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



