मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव ने राज्य में सत्तारुढ दल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए आज कहा कि केन्द्र सरकार से मदद के नाम वह प्रदेश की जनता को लगातार गुमराह कर रही है। भार्गव ने यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा ‘रुटीन’ के तहत एक हजार करोड़ रुपए की राशि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एडीआरएफ) को दी गयी है।
इसमें एनडीआरएफ के खाते में अभी भी आठ से नौ हजार करोड रुपए बचे हैं, लेकिन राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा एक भी रुपए प्रदेश की जनता को राहत के नाम पर नही दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इससे पहले भी प्रदेश में सूखा और अतिवृष्टि से प्रदेश के किसानों को नुकसान हुआ था। तब तत्कालीन भाजपा सरकार ने केंद्र की मदद का इंतजार नहीं करते हुए प्रदेश की जनता को 32 हजार करोड़ रुपए की मदद पहुंचायी थी।
उन्होंने कहा के इस मुद्दे को लेकर भाजपा विधानसभा और आम जनता के माध्यम से प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जगाने का प्रयास करेगी। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों से वादा किया था कि सत्ता में आते ही दो लाख तक के कर्ज माफ करेंगे नहीं तो मुख्यमंत्री बदल देंगे। लेकिन साल भर होने को आया है, प्रदेश के 25 प्रतिशत किसानों का भी ऋण माफ नही हुआ है और न ही मुख्यमंत्री बदला गया है।इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्र और प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पराशर भी मौजूद रहें।


Download Android App
Download iOS App



