महाराष्ट्र के नांदेड़ उत्तरी विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार प्रकाश बागटे का पुलिस ने पता लगा लिया है। वह सोमवार से लापता चल रहे थे। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। भाग्यनगर पुलिस थाना के इंस्पेक्टर अनिरूद्ध काकड़े ने बताया कि बागटे की बहन ने मंगलवार 14 अक्टूबर को अपने भाई की “गुमशुदगी” की शिकायत दर्ज करायी थी।
उन्होंने दावा किया कि बागटे को संभवत: अगवा किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को यवतमाल जिले के उमरखेड़ में बागटे के होने का पता चला। यह जगह औरंगाबाद से करीब 335 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
काकड़े ने बताया, “बागटे ठीक हैं। उन्होंने हमें बताया कि उन्हें अगवा नहीं किया गया है।” शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि बागटे अपनी मर्जी से गंगाखेड़ गये थे। उन्होंने बताया, “आगे की जांच जारी है।” बता दें कि 21 अक्टूबर के विधानसभा चुनाव के लिये चुनाव प्रचार अभियान 19 अक्टूबर को खत्म होगा।


Download Android App
Download iOS App



