महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: बसपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगी मायावती, ट्वीट कर दी जानकारी

Summary :

मायावती ने कहा, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बसपा द्वारा 14 अक्टूबर को नागपुर के इन्दौरा मैदान में एक विशाल चुनावी जनसभा आयोजित की गई है, जिसे सम्बोधित करने का मेरा कार्यक्रम निर्धारित है।

बसपा प्रमुख मायावती महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिये चुनाव प्रचार की शुरुआत सोमवार से करेंगी। मायावती ने रविवार को ट्वीट कर यह जानकारी देते हुये बताया कि वह सोमवार को राज्य के नागपुर में जनसभा को संबोधित करेंगी। 
उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा कल दिनांक 14 अक्टूबर को नागपुर के इन्दौरा मैदान में एक विशाल चुनावी जनसभा आयोजित की गई है, जिसे सम्बोधित करने का मेरा कार्यक्रम निर्धारित है। इसमें पार्टी के कार्यकर्ता एवं प्रत्याशी आदि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।”
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़े पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राज्य में बसपा प्रमुख द्वारा कम से कम छह विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां करने की योजना है। उन्होंने बताया कि इसके लिये स्थान और तारीखें निर्धारित की जा रही हैं। 

मायावती ने योगी सरकार पर निशाना साधा, कहा – फर्जी एनकाउंटर को लेकर लोगों में रोष

रैलियों के लिये कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बसपा ने महाराष्ट्र की 288 में से 264 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी के नेता ने बताया कि नागपुर के बाद पुणे और वाशिम में भी मायावती की जनसभा प्रस्तावित है। 

Desk Team