महाराष्ट्र : CM फडणवीस का दावा, कहा- भगवा गठबंधन सत्ता में लौटेगा

Summary :

देवेन्द्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा- शिवसेना गठबंधन एक बार फिर राज्य में सत्ता संभालेगा क्योंकि उनकी सरकार ने समाज के कमजोर तबके के लिए काम किया है

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा- शिवसेना गठबंधन एक बार फिर राज्य में सत्ता संभालेगा क्योंकि उनकी सरकार ने समाज के कमजोर तबके के लिए काम किया है और उनके जीवन में बदलाव लायी है। उन्होंने विपक्षी कांग्रेस और राकांपा की आलोचना करते हुए कहा कि 2014 में भाजपा- शिवसेना सरकार के सत्ता में आने से पहले के 15 वर्षों के शासन में उन्होंने ‘‘कुछ नहीं किया।’’ 
फडणवीस सोलापुर जिले के मंगलवेधा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और राकांपा ने 15 वर्षों तक झूठ और गुमराह करने वाले वादों के सिवाय कुछ नहीं किया। लेकिन पांच वर्ष पहले हमारी सरकार के सत्ता में आने के बाद हमने गरीबों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, किसानों, ओबीसी और महिलाओं के लिए काम किए और (उनके जीवन में) बदलाव लाने का प्रयास किया।’’ 

फ्रांस यात्रा के नतीजे दोनों देशो के बीच रक्षा सहयोग को करेंगे मजबूत : राजनाथ सिंह

भाजपा- शिवसेना की सरकार पिछले पांच वर्षों के दौरान किसानों के साथ खड़ी रही और सबसे बड़ी ऋण माफी की जिससे 50 लाख किसानों को लाभ हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको बताता हूं कि केवल आर्थिक राहत पर्याप्त नहीं है। सतत् सिंचाई के माध्यम से हमें पानी मुहैया कराना होगा। पांच वर्षों के दौरान हमने जलयुक्त शिविर कार्यक्रम के माध्यम से कई वाटरशेड प्रबंधन परियोजनाओं पर काम किया।’’ 
भाजपा- शिवसेना के सहयोगी रायत क्रांति संगठन के पंढरपुर- मंगलवेधा क्षेत्र से उम्मीदवार सुधाकरपंत परिचारक को वोट देने की अपील करते हुए फडणवीस ने कहा कि भगवा गठबंधन सत्ता में लौटेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप उनको चुनते हैं तो क्षेत्र में कई परियोजनाओं को गति मिलेगी।’’ फडणवीस के मुताबिक भाजपा के शासनकाल में महाराष्ट्र ने व्यवसाय, रोजगार सृजन और स्वास्थ्य में पहला स्थान हासिल किया है। 

Desk Team