रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से झारखण्ड में विकास के कार्य तेजी से किये जा रहे हैं। रेल के मामले में झारखंड काफी पीछे था, लेकिन केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आने के बाद से झारखंड में रेल परियोजनाओं के काम में तेजी आई है। मुख्यमंत्री दास ने आज यहां रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास व शुभारंभ के अवसर पर यह बात कही।
दास ने कहा कि इसका एक उदाहरण आज देखने को मिल रहा है। आज झारखण्ड में रेल परियोजनाओं के विकास हेतु 3425 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री दास ने रेल मंत्री से रांची में रेलवे का जोनल कार्यालय खोलने का आग्रह किया। इसके खुलने से झारखंड की रेल परियोजनाओं के कार्यों में तेजी आएगी। इसके लिए झारखंड के सभी सांसदों को माननीय रेल मंत्री के साथ लगातार वार्ता करनी चाहिए।
उन्होंने रेलवे बोर्ड से आग्रह किया कि जमशेदपुर में प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज के निर्माण पर शीघ्र निर्णय लें। उन्होंने हटिया-यशवंतपुर ट्रेन को सप्ताह में 3 दिन करने, टाटा-दानापुर एक्सप्रेस का ठहराव आदित्यपुर में करने तथा रांची-जयनगर रेल की मांग की।दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सथा संभालने के साथ ही कनेक्टिविटी पर काफी जोर दिया है।
चाहे लोग जनता के साथ संवाद हो, एयर कनेक्टिविटी हो, रोड कनेक्टिविटी हो, इलेक्ट्रिक कनेक्टिविटी हो या रेल कनेक्टिविटी। इसी का नतीजा है कि देश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में काफी काम हुआ है। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री सुदर्शन भगत, केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा, सांसद राम टहल चौधरी, लक्ष्मण गिलुवा, विद्युत वरण महतो, विधायक मेनका सरदार एवं नवीन जायसवाल समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



