केरल जदयू के अध्यक्ष एम पी वीरेंद्र कुमार ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के अपने फैसले की आज घोषणा की। वीरेंद्र ने कहा कि वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी के सांसद बने रहना नहीं चाहते।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मैंने राज्यसभा से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं संघ परिवार में शामिल हो गए नीतीश कुमार के अधीनस्थ राज्यसभा सदस्य बने रहना नहीं चाहता। वीरेंद्र कुमार मार्च 2016 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।
उन्होंने कहा, मैं नीतीश कुमार को पहले ही अपने फैसले की जानकारी दे चुका हूं। यह पूछे जाने पर कि वह इस्तीफा कब देंगे, कुमार ने कहा, मैं आपको (मीडिया को) बता दूंगा। उन्होंने अपनी योजनाओं को लेकर कहा, पहले हम प्रदेश समिति में पार्टी के भविष्य पर चर्चा करेंगे और आगे की कार्रवाई पर फैसला करेंगे।
वीरेंद्र कुमार ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने उनसे इस्तीफा ना देने को कहा और यह भी कहा कि वह उन्हें देश के सबसे बड़े समाजवादी नेताओं में से एक मानते हैं। उन्होंने कहा, लेकिन मैंने नीतीश कुमार और पार्टी को अपने फैसले की जानकारी दे दी। जदयू इस समय केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली विपक्षी यूडीएफ में सहयोगी हैं।


Download Android App
Download iOS App



