रेलमंत्री पीयूष गोयल ने जनरल कोच में किया सफर, यात्रियों से मांगा feedback

Summary :

NULL

रेल मंत्री पीयूष गोयल सोमवार को ट्रेन सुविधाओं का जायजा लेने के लिए अचानक ट्रेन में चढ़ गए। इस दौरान रेल मंत्री ने ट्रेन में सफर कर रहे सवारियों से बात की और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों की जानकारी ली। गोयल ने कावेरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में बैठकर मैसूर से बेंगलुरु तक की यात्रा की। पीयूष गोयल ट्रेन में काम करने वाले स्टॉफ से भी मिले। दरअसल सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने मैसूर में हमसफर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ट्रेन रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री तो एक जनसभा को संबोधित करने चले गए लेकिन रेल मंत्री पीयूष गोयल वहीं रुके रहे। थोड़ी देर बाद स्टेशन पर कावेरी एक्स्प्रेस आई रेल मंत्री उसमें चढ़ गए। उन्होंने इस ट्रेन में मैसूर से बेंगलुरु तक का सफर किया। इस दौरान पीयूष गोयल ने सह-यात्रियों से मुलाकात की और ट्रेन की सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। वहीं, सफर कर रहे लोगों ने भी मिनिस्टर से अपने अनुभव शेयर किए।

जनरल कोच में पीयूष गोयल को अपने बीच पाकर रेलयात्री हैरान रह गए। कुछ युवाओं ने उनके साथ सेल्फी भी क्लिक की। सफर में बच्चों से लेकर बुजुर्ग सभी रेल मंत्री के साथ सेल्फी भी लेते दिखे। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने ट्रेन यात्रियों के अलावा रेलवे स्टाफ से भी मुलाकात की। पीयूष गोयल ने रेल यात्रा के अनुभवों को साझा करते हुए ट्वीट किया और लिखा कि यात्रियों से मिले सुझाव उन्हें रेल के सफर को और शानदार बनाने में मदद करेंगे।

इस बार के बजट में सरकार ने रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सरकार ने रेलवे को 2018-19 के लिए 1,48,558 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। इस बजट के तहत सभी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में वाई-फाई और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही 4,267 गैर मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग को अगले दो साल में खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team