शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने बुधवार को कहा कि वह और पार्टी के सहयोगी संजय पवार गुरुवार को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे। संजय राउत ने मंगलवार को कहा था कि शिवसेना के कोल्हापुर जिला अध्यक्ष संजय पवार 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के दूसरे उम्मीदवार होंगे। संजय पवार की उम्मीदवारी से पूर्व सांसद संभाजी छत्रपति को झटका लगेगा जो अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन मांग रहे थे। राउत ने कहा कि शिवसेना राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी और दोनों पर जीत सुनिश्चित करेगी। राउत लगातार चौथी बार अपनी पार्टी की तरफ से संसद के उच्च सदन जाएंगे।
शिवसेना से संजय राउत और संजय पवार जाएंगे राज्यसभा
राउत ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘शिवसेना नेताओं ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ चर्चा की और यह तय किया गया है कि संजय पवार और मैं गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। अब संभाजी छत्रपति का समर्थन करने का कोई सवाल ही नहीं है।’’ राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकरे नामांकन पत्र दाखिल करते समय मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘शिवसेना पार्टी उम्मीदवारों को टिकट देने पर कायम रही है और हमने कई बार संभाजी को भी इसकी सूचना दी है।’’ संभाजी छत्रपति के खिलाफ शिवसेना के लड़ने के बारे में पूछे जाने पर राउत ने कहा, ‘‘हम उनके खिलाफ नहीं लड़ रहे हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। हमारे पास दो सीटें जीतने के लिए विधानसभा में पर्याप्त संख्या है, इसलिए हमने संजय पवार को भी मैदान में उतारा है।’’
पहले संभाजी छत्रपति को राज्यसभा के लिए किया गया था मनोनीत
इससे पहले संभाजी छत्रपति को राष्ट्रपति कोटे से राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। महाराष्ट्र से राज्यसभा की छह सीट के लिए 10 जून को मतदान होगा, जिसमें विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास अपने दो उम्मीदवारों को निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त संख्या होगी। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के पास एक-एक सीट पर जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त वोट हैं, जबकि साथ में तीनों दल छठी सीट भी जीत सकते हैं, जिसके लिए शिवसेना ने दावेदारी जताई है। महाराष्ट्र से राज्यसभा के छह सदस्यों-पीयूष गोयल, विनय सहस्त्रबुद्धे और विकास महात्मे (तीनों भाजपा से), पी चिदंबरम (कांग्रेस), प्रफुल्ल पटेल (राकांपा) और संजय राउत (शिवसेना) का कार्यकाल चार जुलाई को समाप्त हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



