एक निजी स्कूल के 15 साल के एक छात्र ने अपने सहपाठियों से लगातार मज़ाक उड़ाए जाने से तंग आकर आज आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र के माता पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने चारों लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया। ये सभी यहां चिंतामणि के एक स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र हैं। पुलिस ने बताया कि लड़के ने सुसाइड नोट में जिक्र किया है कि उसके चार सहपाठी उसकी चाल को लेकर उसे परेशान करते थे और कहते थे कि उसके हाव भाव लड़कियों की तरह है। वह सहपाठियों की इन बातों से परेशान था।
सहपाठियों के मजाक से परेशान होकर उसने यहां से 15 किलोमीटर दूर लालगुडी के निकट नेरुनजलकुडी में अपने घर में कल पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। लड़के की मां ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। परिजन ने लड़के की मौत के लिए जिम्मेदार लड़कों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए पुलिस थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक एस सी कल्याण घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने भरोसा दिलाया कि सहपाठियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ही प्रदर्शनकारी वहां से हटे। पुलिस ने कहा कि चारों लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लड़के के माता पिता ने परेशान किए जाने के खिलाफ लड़के की शिकायत पर स्कूल के अध्यापकों की बेरुखी पर भी नाखुशी जताई।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।


Download Android App
Download iOS App



