मध्यप्रदेश के बहुचर्चित हनीट्रैप मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के अध्यक्ष के रूप में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी राजेन्द्र कुमार को नियुक्त किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री राजेन्द्र कुमार, पुलिस मुख्यालय भोपाल में सायबर क्राइम के विशेष पुलिस महानिदेशक हैं। अब वे एसआईटी के प्रमुख होंगे।
सायबर क्राइम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल मिलिंद कानस्कर को एसआईटी में सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा इंदौर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र को भी सदस्य बनाया गया है।
इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है कि विशेष जांच दल (एसआईटी) के अध्यक्ष आवश्यकतानुसार अन्य पुलिस अधिकारियों की सेवाएं भी विवेचना के लिए ले सकेंगे।
आदेश में कहा गया है कि एसआईटी इंदौर के पलासिया थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 405/19 एवं इससे संबंधित अन्य सभी अपराधों की विवेचना करेगा।
पिछले दिनों हनीट्रैप मामले के खुलासे के बाद एसआईटी का प्रमुख वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डी श्रीनिवास वर्मा को बनाया गया था, लेकिन एक दिन में ही उनके स्थान पर वरिष्ठ अधिकारी श्री संजीव शमी को पदस्थ कर दिया गया था। अब श्री शमी को भी बदल दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



