हरिद्वार में होगा औद्योगिक शिखर सम्मेलन

Summary :

मुख्यमंत्री रावत ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार का ध्यान आधारभूत संरचना को मजबूत करने और निवेशकों के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर है।

देहरादून : हरिद्वार में इस सप्ताह 27-28 सितंबर को उत्तराखंड औद्योगिक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय उद्येाग परिसंघ (सीआईआई) के साथ संयुक्त रूप से आयोजित इस शिखर सम्मेलन का उदघाटन बीएचईएल कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत करेंगे। मुख्यमंत्री रावत ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार का ध्यान आधारभूत संरचना को मजबूत करने और निवेशकों के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर है। सम्मेलन के दौरान निवेशकों को यही भरोसा दिलाने का प्रयास किया जायेगा। 
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में पिछले वर्ष सात-आठ अक्टूबर को निवेशक सम्मेलन के दौरान और उसके बाद निवेशकों के साथ 1,24,000 करोड रुपये से अधिक के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर दस्तखत किये गये थे। रावत ने कहा कि इन एमओयू की लगातार समीक्षा की गई और जिसके फलस्वरूप अब तक 17,405 करोड रुपये के प्रस्ताव अमल में हैं। उन्होंने कहा, ‘पिछले 11 माह की अवधि में ही 391 परियोजनाओं में 17,405 करोड़ के निवेश के अमल को हम एक बडी उपलब्धि मानते हैं।’ उन्होंने कहा कि सम्मेलन में निवेश पर अमल करने वाले निवेशकों को भी आमंत्रित किया गया है जिन्हें राज्य सरकार की तरफ से प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। 
इसके साथ ही सम्मेलन में ऐसे निवेशकों को भी आमंत्रित किया गया है जिनके उद्योग पहले से ही राज्य में हैं और जो अपनी इकाइयों का विस्तार करना चाहते हैं या नई इकाइयां लगाने के इच्छुक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले निवेशक सम्मेलन में एमओयू करने वाले ऐसे उद्यमियों से भी चर्चा की जायेगी जिन्होंने उसका क्रियान्वयन नहीं किया है और उन्हें आ रही समस्याओं का समाधान किया जायेगा। 
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी जिसमें महाराष्ट्र, दिल्ली, एनसीआर, कर्नाटक, हरियाणा, ओड़िशा व चंडीगढ़ के 45 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे। प्रमुख सचिव उद्योग मनीषा पंवार ने बताया कि पांच मानक तय किये गये हैं और इनमें से एक से अधिक को पूरा करने वाले निवेशकों के प्रस्ताव को अमल की श्रेणी में डाल दिया जाता है।

Desk Team