होशंगाबाद: कार हादसे में राष्ट्रीय स्तर के 4 हॉकी खिलाड़ियों की मौत, कमलनाथ और शिवराज ने जताया शोक

Summary :

मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के इटारसी के पास आज सड़क हादसे में कार सवार चार हॉकी खिलाड़ियों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के इटारसी के पास आज सड़क हादसे में कार सवार चार हॉकी खिलाड़ियों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार इटारसी थाना क्षेत्र के रेसलपुर गांव के पास तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस वजह से चार खिलाड़ियों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी थे।
सूत्रों ने बताया कि ये चारों खिलाडी यहां हॉकी के टूर्नामेंट में मैच खेलने आ रहे थे। इनमें से एक खिलाडी का जन्मदिन था और बताया गया है कि वे सभी अपने साथी का जन्मदिन मनाने के लिए कल रात इटारसी गए थे। वहां से वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। मृतकों की पहचान शाहनवाज हुसैन निवासी इंदौर, आदर्श हरदुआ इटारसी, आशीष लाल जबलपुर और अनिकेत वरूण ग्वालियर के रुप में हुई है।

सीएम कमलनाथ और शिवराज चौहान ने खिलाड़ियों की निधन पर शोक व्यक्त किया 
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने चार हॉकी खिलाड़ियों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए इस हादसे में घायल खिलाड़ियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना ईश्वर से की है। उन्होंने लिखा है कि रैसलपुर गांव के पास हादसे में चार खिलाड़ियों के निधन की घटना दुखद है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित इलाज मुहैया कराया जाए और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद भी की जाए। 
वही, भाजपा के उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे में जान गवाने वाले हॉकी खिलाड़ियों पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “रैसलपुर, होशंगाबाद में ध्यानचंद्र ट्राफी में खेलने जा रहे हॉकी खिलाड़ी शाहनवाज खान,आदर्श हरदुआ, आशीष लाल व अनिकेत की सड़क दुर्घटना में मौत का दुःखद समाचार मिला। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति, परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें व घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।” 

उत्तर प्रदेश : मऊ में सिलेंडर ब्लास्ट होने से 10 लोगों की मौत

Desk Team