मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 2,607 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या 1,03,064 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 42 और व्यक्तियों की मौत हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 1,943 हो गयी है।
मध्यप्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर में सात, भोपाल में पांच, ग्वालियर, दतिया, रायसेन में तीन-तीन, जबलपुर, उज्जैन, शिवपुरी, बैतूल, सिगरौली, उमरिया में दो-दो और धार, रतलाम, बड़वानी, शहडोल, दमोह, खंडवा, सतना, छतरपुर और सिवनी में एक-एक मरीज की मौत हुई है।’’
अधिकारी ने बताया, ‘‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 492 मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 354, उज्जैन में 89, सागर में 79, जबलपुर में 122, ग्वालियर में 103, खंडवा में 29, रतलाम 32, बैतूल में 34, नीमच में 29 एवं खरगोन में 35 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शनिवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 408 नये मामले इंदौर जिले में आये हैं, जबकि भोपाल में 263, ग्वालियर में 218, जबलपुर में 242, शहडोल में 79, सागर में 77 एवं नरसिंहपुर में 77 नये मामले आये।
अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में कुल 1,03,065 संक्रमितों में से अब तक 79,158 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 21,964 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार को 2206 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 7,513 निषिद्ध क्षेत्र हैं।


Download Android App
Download iOS App



