आम चुनाव के पहले चरण के तहत तेलंगाना में गुरुवार सुबह 11 बजे तक 22.84 प्रतिशत मतदान हुआ। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक यह जानकारी मिली है। राज्य की 17 लोकसभा सीटों में से 16 के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जबकि निजामाबाद में मतदान प्रक्रिया एक घंटे बाद शुरू हुई।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रजत कुमार ने बताया, ‘‘समूचे तेलंगाना में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।’’ तेलंगाना के सभी 17 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें हैं। राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के . कविता, पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी और एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी चुनावी मैदान में उतरे प्रमुख धुरंधरों में शामिल हैं।
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई एस एल नरसिम्ह, के चंद्रशेखर राव, टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव, कविता, ओवैसी और फिल्म अभिनेता चिरंजीवी, नागा चैतन्य, सामंथा, राम चरण, अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर और फिल्म निर्माता एस एस राजमौली समेत कई प्रमुख लोगों ने वोट डाला। 2.97 करोड़ से अधिक मतदाता राज्य में 443 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे।
उग्रवाद से प्रभावित पांच संसदीय क्षेत्रों के तहत आने वाले 13 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। निजामाबाद लोकसभा क्षेत्र में सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ, जहां 170 से अधिक किसानों सहित 185 उम्मीदवार मैदान में हैं।
यहां बड़ी संख्या में किसान अपनी मांगों को लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 145 कंपनियों के अलावा, 55,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है।


Download Android App
Download iOS App




