गुजरात में मंगलवार को संक्रमण के 239 नए मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 2178 हो गयी। राज्य में संक्रमण से 19 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 90 हो चुकी है। गुजरात में पहली बार कोरोना वायरस से संक्रमित दो लोगों का उपचार प्लाज्मा थेरेपी से हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद में 130 नए मामले सामने आए, सूरत में 78, वडोदरा में छह, अरावली और बनासकांठा में पांच-पांच, वलसाड में तीन, बाटोड और राजकोट में दो-दो, मेहसाणा, भरूच, दाहोद, साबरकांठा, नवसारी, गिर सोमनाथ, खेडा और तापी में एक-एक मामला सामने आया।
बिहार : कोरोना संकट के बीच बेरोजगारों के लिए अच्छी खबर, 33,916 शिक्षकों की होगी नियुक्ति
नए मामले सामने के साथ अहमदाबाद में संक्रमित लोगों की संख्या 1378 हो गयी है जबकि सूरत में 347 लोग संक्रमित हैं। प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंति रवि ने बताया कि आठ और मरीजों को छुट्टी मिलने के साथ अब तक 139 लोग ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में तीन मरीजों को, मेहसाणा में दो तथा कच्छ, आणंद और गिर सोमनाथ जिले में एक-एक मरीज को छुट्टी मिली है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को 19 मृतकों में से अहमदाबाद में 15 लोगों की मौत हुई। जबकि, सूरत में दो और भावनगर तथा भरूच में एक -एक व्यक्ति की मौत हुई। रवि ने बताया कि राज्य में वर्तमान में संक्रमण के 1949 मामलों में से 14 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। रवि ने मीडिया को बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की अनुमति मिलने के बाद अहमदाबाद में दो मरीजों का उपचार प्लाज्मा थेरेपी से हो रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर त्वरित जांच किट के इस्तेमाल पर भी अगले आदेश तक रोक लगा दी गयी है ।


Download Android App
Download iOS App



