देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र के मुंबई शहर में 30 मीडियाकर्मी वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। जिसमें से सबसे ज्यादा पत्रकार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े हुए हैं। पत्रकारों की एक एसोसिएशन के पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पदाधिकारी ने बताया कि बीते हफ्ते आयोजित एक विशेष शिविर में मीडियाकर्मियों का टेस्ट किया गया, जिसमें कम से कम 30 पत्रकार कोरोना संक्रमित पाए गए। टीवी जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद जगदाले ने कहा कि अभी तक प्राप्त टेस्ट रिपोर्ट की संख्या उपलब्ध नहीं है, मगर कम से कम 30 पत्रकार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। विनोद ने कहा कि ये आंकड़े और भी ऊपर जा सकते हैं।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा कि अधिकांश मामलों में कोई लक्षण नहीं देखे गए और अब इन सभी को होम क्वारंटाइन भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कई अन्य लोगों की टेस्ट रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। टीवी पत्रकारों की एसोसिएशन, मंत्रालय और अन्य रिपोर्टर्स एसोसिएशन के अनुरोध के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बीएमसी को मीडियाकर्मियों के लिए विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया था।
पालघर मॉब लिंचिंग पर गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से मांगी रिपोर्ट, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुवेर्दी द्वारा समन्वित यह शिविर मुंबई प्रेस क्लब के पास 16 व 17 अप्रैल को लगाया गया था, जिसमें पत्रकारों और छायाकारों (फोटो जर्नलिस्ट) सहित 171 मीडियाकर्मियों की स्क्रीनिंग की गई थी। अब इनकी रिपोर्ट आनी शुरू हो गई है।
इस दौरान उन मीडियाकर्मी को विशेष टिप्स भी दी गईं, जो रिपोर्टिंग के लिए विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करते हैं। कोरोना महामारी के मद्देनजर उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करने, मास्क पहनने, सैनिटाइजर का उपयोग करने आदि के बारे में टिप्स दिए गए।


Download Android App
Download iOS App



