पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। सोमवार को संक्रमण से 62 लोगों की मौत हो गयी जो एक दिन में सर्वाधिक है। इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक मरने वाले लोगों की संख्या 4,421 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग यह जानकारी दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में सोमवार को 3165 नये मामले सामने आये जिसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,28,302 हो गयी है। इसमें कहा गया है कि रविवार से अब तक 3011 लोग संक्रमण मुक्त हुये हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। प्रदेश में संक्रमितों के ठीक होने की दर 87.16 प्रतिशत है। पश्चिम बंगाल में अब भी 24,898 मरीजों का इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटे में 43,313 नमूनों की जांच की गयी है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा 54,87,580 तक पहुंच गया है और 87,882 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 43,96,399 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



