हैदराबाद में चार साल के एक बच्चे को आवारा कुत्तों ने नोंच-नोंच कर मार डाला। शहर के बाग अंबरपेट इलाके में रविवार को हुई दर्दनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया।
इससे पहले कि उसके पिता उसे पास के अस्पताल ले जाते प्रदीप की मौत हो गई। दिल दहला देने वाली घटना एक कार सर्विसिंग सेंटर में हुई जहां लड़के के पिता गंगाधर चौकीदार के रूप में कार्यरत थे।
रविवार को छुट्टी होने के कारण गंगाधर अपनी पत्नी, छह साल की बेटी और बेटे प्रदीप को काम करने की जगह दिखाने ले गए थे। गंगाधर अपनी पत्नी और बेटी को पार्किं ग एरिया के एक केबिन में छोड़ने के बाद अपने बेटे को सर्विस सेंटर ले गए।
जब गंगाधर एक अन्य चौकीदार के साथ किसी अन्य क्षेत्र में किसी कार्य के लिए निकले तो प्रदीप अपनी बहन के साथ खेलने के लिए पार्किं ग क्षेत्र की ओर चलने लगा। तभी अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। जब बच्चा नीचे गिरा, तो वे सभी उस पर टूट पड़े।
भाई के रोने की आवाज सुनकर लड़की वहां पहुंची और अपने पिता को बुलाने दौड़ी। गंगाधर ने कुत्तों को भगाया और बुरी तरह घायल बेटे को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, गंगाधर चार साल पहले रोजी-रोटी के लिए निजामाबाद से हैदराबाद पहुंचे थे और अंबरपेट इलाके में सर्विस सेंटर में चौकीदार के रूप में काम करने लगे थे। परिवार उसी इलाके की एक कॉलोनी में रह रहा था।
एक साल से भी कम समय में हैदराबाद में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले बीते साल अप्रैल में गोलकुंडा के बड़ा बाजार इलाके में आवारा कुत्तों ने एक दो साल के बच्चे को नोच-नोच कर मार डाला था, जिसके बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया था।


Download Android App
Download iOS App



