बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को जद (यू) छोड़ने वाले उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना साधा और कहा कि ‘अच्छा हुआ’ कि वह पार्टी से चले गए।
यहां मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, ‘जब वह (कुशवाहा) 2021 में (जदयू में) आए, तो उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि वह जीवनभर रहेंगे। जदयू के कई नेता पार्टी में उनको शामिल किए जाने से खुश नहीं थे। लेकिन मैंने उन्हें अनुमति दी। हाल ही में उन्होंने अलग तरह से व्यवहार करना शुरू कर दिया। मुझे नहीं पता कि उनके साथ क्या हुआ। वही बेहतर जानते होंगे।’
नीतीश ने कहा, ‘वह आदमी अपनी मर्जी से आया था और दूर जाना उसका अपना फैसला है। उसके कदमों से जदयू पर कोई असर नहीं पड़ेगा।’
कुशवाहा के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कि 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केंद्र से हटाना विपक्षी दलों के लिए बेहद कठिन होगा, नीतीश ने कहा : ‘आप बेहतर जानते हैं कि वह ऐसा क्यों कह रहे हैं। कोई भी ऐसा नहीं कहेगा। वह मेरी पार्टी में क्यों आए? इसकी क्या जरूरत थी? अगर उन्हें पब्लिसिटी चाहिए तो मैं आपसे (मीडिया) अपील कर रहा हूं कि यह पब्लिसिटी का मामला नहीं है।’
भाजपा के बिहार अध्यक्ष संजय जायसवाल के कुशवाहा से मिलने के बारे में पूछे जाने पर नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है।
वहां मौजूद मंत्री विजय कुमार चौधरी ने जब सवाल दोहराया, तो उन्होंने जवाब दिया : ‘मुझे उस बैठक के बारे में पता नहीं है, लेकिन आप इसे अच्छी तरह से समझ सकते हैं।’


Download Android App
Download iOS App



