हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी)ः गौवंश संरक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र हरिद्वार की पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नगला इमरती अंडर बाईपास के पास बिझोली गांव में गौकशी की सूचना पर छापा मारकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही 5 कुंतल से अधिक किलोग्राम प्रतिबंधित मांस भी बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली की अफजाल और मेहरबान अपने साथियों के साथ अपने-अपने घरों में गौकशी कर रहे हैं। सूचना पाकर उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्क्वायड ने अधिकारी कर्मचारियों की 2 टीम बनाकर मुखबिर के बताए दोनों घरों पर दबिश दी। पहली टीम द्वारा अफजाल के घर पर दबिश दी गई। अफजाल के घर से अफजाल पुत्र हनीफ, आरिश पुत्र हनीफ और जाहिद पुत्र अल्लाहबंदा को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लगभग 211 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, कटान में होने वाले उपकरण, तीन जीवित गौवंश और तीन मोटरसाइकिल बरामद हुईं। दूसरी टीम द्वारा की गई कार्रवाई में मेहरबान के घर से अभियुक्त यूसुफ पुत्र शकील व दिलशाना पत्नी शहबान को गिरफ्तार किया गया। घर के स्वामी तीन आरोपी मेहरबान पुत्र कमरुद्दीन, शहबान पुत्र मेहरबान, फैजान पुत्र मेहरबान मौके से गांव की गलियों में फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लगभग 310 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, तीन फरार अभियुक्तों के तीन मोबाइल व दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
मौके से पकड़े गए आरोपियों और फरार आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली मंगलौर में मुकद्दमा दर्ज कराया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


Download Android App
Download iOS App



