महाराष्ट्र के पुणे के कैंप इलाके में स्थिति प्रसिद्ध फैशन स्ट्रीट बाजार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की करीब 500 दुकानें जलकर खाक हो गईं। पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ अमित कुमार ने बताया कि रात में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी फैशन स्ट्रीट जल गई। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आग लगते ही, स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। दमकल के करीब 16 इंजन एवं टैंकर घटनास्थल पर भेजे गए और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘आग पर देर रात करीब एक बजे काबू पाया गया, लेकिन तब तक 500 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।’’
अधिकारी ने बताया कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग किस वजह से लगी। पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड में महात्मा गांधी रोड पर स्थित फैशन स्ट्रीट एक प्रसिद्ध बाजार है, जिसमें कपड़ों, जूतों, चश्मों और अन्य सामान की कई छोटी दुकानें हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक फैशन स्ट्रीट मार्केट में कपड़े और जूते का काम होता है। इस बाजार में 500 से अधिक स्टॉल हैं. कपड़ों और जूते की मार्केट होने के कारण आग काफी तेजी से फैली और सबकुछ जलकर खत्म हो गया।


Download Android App
Download iOS App



