अरब सागर में चार दिन पहले पी305 बजरे के डूबने की घटना में दो और लोगों के शव बरामद होने के बाद मारे गए लोगों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 51 हो गई लेकिन अब भी 24 लोग लापता हैं, जिन्हें खोजने के लिए नौसेना और तटरक्षक बल का तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। टगबोट ‘वरप्रदा’ के हादसे का शिकार होने के बाद लापता हुए 11 लोगों के लिए भी तलाश एवं बचाव अभियान जारी है।
एक अधिकारी ने बताया कि चक्रवात ताउते के कहर में लापता हुए इन लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद क्षीण पड़ती जा रही है। उल्लेखनीय है कि बजरा पी305 चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के कारण मुंबई के तट से कुछ दूरी पर सागर में फंस गया था और फिर सोमवार को डूब गया था। बजरे पी305 पर मौजूद 261 लोगों में से अब तक 186 को बचा लिया है। ‘टगबोट’ वरप्रदा पर मौजूद रहे 13 लोगों में से दो लोगों से बचा लिया गया है। वहीं लापता 11 लोगों की तलाश जारी है।
वहीं गाल कंस्ट्रक्टर एंड सपोर्ट स्टेशन 3 (एसएस-3) और ड्रिल पोत सागर भूषण पर मौजूद सभी 440 लोगों को बचा लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस इसकी जांच करेगी कि चक्रवात ताउते के बारे में चेतावनी जारी करने के बावजूद बजरा उस क्षेत्र में क्यों रूका रहा? पुलिस ने बजरे पर मौजूद लोगों में से जिनके शव बरामद हुए हैं, उनके सिलसिले में दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है।


Download Android App
Download iOS App



