मुंबई में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसटी) रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को फुटओवर ब्रिज हादसे में अभी तक 6 लोगों की मौत और कई अन्य घायल है। घायलों को अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उस जगह का दौरा किया जहां कल CSMT रेलवे स्टेशन के पास एक फुट ओवर ब्रिज का हिस्सा ढह गया था। घटना में 6 लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने घायल लोगों से मिलने के बाद कहा, वार्ड में लगभग 10 घायल भर्ती हैं, एक आईसीयू में, अब सब खतरे से बाहर है। मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच की जाएगी। एफआईआर को दर्ज कर दिया गया है। शुरुआती रिपोर्ट की मानें तो इस पुल का ऑडिट कुछ ही समय पहले हुआ था, जब अंधेरी में एक ब्रिज का हिस्सा गिरा था। ये पुल 1981 में बना था और तभी से बीएमसी के इंजीनियरों के जिम्मे था।
रिपोर्ट के मुताबिक, ऑडिट के बाद बीएमसी को कुछ सुधार करने को कहा गया था। लेकिन उसे ठीक नहीं किया गया था। अगर सुधार नहीं हुआ था तो ब्रिज को रोक सकते थे। बताया ये भी जा रहा है कि पुल के गार्डर पर जंग लगा हुआ था इसी वजह से पुल नीचे गिरा। ब्रिज हादसे के बाद मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘सीएसटी के प्लेटफार्म नंबर एक उत्तर को बी टी लेन से जोड़ने वाला फुटओवर ब्रिज गिर गया।
घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद रेल यातायात पर असर पड़ा है। रोजाना सफर करने वालों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं।’’ मलबे से 7-8 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। जबकि कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है।
चश्मदीदों के मुताबिक यह फुटओवर ब्रिज करीब 40 साल पुराना था। राहत और बचाव के लिए NDRF की टीम रवाना की गई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम जारी है। हादसे के बाच मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है। अभी भी 15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।मलबे से घायल निकाले गए लोगों को मुंबई के कामा हॉस्पिटल में पहुंचाया गया।
जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वह एक भीड़भाड़ वाला इलाका है। ये ब्रिज सीएसटी रेलवे स्टेशन से जुड़ता है। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि यह ब्रिज BMC के द्वारा निर्माण कराया गया था। मुंबई पुलिस के मुताबिक छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर बना ब्रिज अचानक गिर गया है, जिसके कारण कई लोग इसके नीचे दब गए। कई गाड़ियां भी चपेट में आ गई हैं। ये गाड़ियां ब्रिज के नीचे खड़ी थीं।