गुजरात में जसदण उपचुनाव में 71.27 % मतदान

Summary :

गुजरात के राजकोट जिले में जसदण विधानसभा उपचुनाव में बृहस्पतिवार को 71.27 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। चुनाव

गुजरात के राजकोट जिले में जसदण विधानसभा उपचुनाव में बृहस्पतिवार को 71.27 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। चुनाव अधिकारी ने यह जानकारी दी। शाम पांच बजे तक मतदान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस मुरली कृष्णा ने बताया कि चुनाव आचार संहिता उल्लंघन की दो शिकायतों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामूली खामियों के चलते तीन वीवीपैट मशीनों को बदल दिया गया।

कृष्णा ने बताया, ‘‘शाम पांच बजे तक 71.27 प्रतिशत मतदान हुआ। अंतिम आंकडों में थोड़ा बहुत अंतर हो सकता है।’’ उन्होंने बताया, ‘‘चुनाव अधिकारियों को आचार संहिता उल्लंघन की आठ शिकायतें मिली जिसमें से छह को खारिज कर दिया गया और दो को जांच के लिए लिया गया।’’

पश्चिम बंगाल में BJP के ‘रथयात्रा’ कार्यक्रम को कोर्ट की हरी झंडी

पहली शिकायत व्हाट्सअप मैसेज के बारे में है जिसमें कमल के चिह्न के लिए बटन दबाते दिखाया गया है। वहीं, दूसरी शिकायत उस क्लिप के बारे में है जिसमें भाजपा उम्मीदवार और प्रदेश के मंत्री कुंवरजी बावलिया ने कुछ मतदाताओं को कथित रूप से धमकी दी। यह क्लिप व्हाट्सअप पर सर्कुलेट की गयी।

हिन्दी पट्टी के तीन राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद जसदण उपचुनाव सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है।

भाजपा ने इस उपचुनाव में कोली समूदाय में असर रखने वाले कुंवरजी बावलिया को टिकट दिया है जिन्होंने 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर यह सीट जीती थी। 2 जुलाई को त्यागपत्र देकर वह भाजपा में शामिल हो गये थे और मंत्री बना दिए गए थे। बावलिया के सामने कांग्रेस ने अवसर नाकिया को खड़ा किया है जो राजकोट जिला पंचायत के सदस्य हैं।

जसदण विधानसभा उपचुनाव में बावलिया और नाकिया के अलावा छह अन्य उम्मीदवार चुनाव में हैं। इस विधानसभा सीट में 2.32 लाख मतदाता हैं। मतगणना 23 दिसंबर को होगी। चुनाव आयोग के अनुसार शाम छह बजे तक 1.65 लाख मतदाताओं या 71.27 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

Desk Team