महाराष्ट्र में पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक कार के ट्रक से टकरा जाने के कारण कार में सवार नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह हादसा कदमवक बस्ती के समीप शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे हुआ।
लोनी कलभोर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सूरज बंडगार ने कहा, “जिन लोगों की इस हादसे में जान गई वे पुणे जिले के यावत के निवासी थे। उनकी उम्र 19-23 वर्ष के बीच थी। वे रायगढ से अपने गृहनगर जा रहे थे।”
उन्होंने कहा, “कार तेज रफ्तार से चल रही थी। कदमवक बस्ती के पास पहुंचने पर ड्राइवर कार पर से नियंत्रण नहीं गंवा बैठा और वह पहले डिवाइडर से टकरायी तथा फिर राजमार्ग की दूसरी तरफ जाकर ट्रक से टकरा गई।”

उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि यह हादसा तेज रफ्तार और ड्राइवर के गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठने की वजह से हुआ। बंडगार के मुताबिक यह कार कुछ मिनट पहले एक टोल प्लाजा से गुजरी थी, उसके कर्मचारियों ने भी बताया कि कार तेज रफ्तार से जा रही थी।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी नौ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। बंडगार ने कहा, “स्थानीय लोगों और पुलिस ने देखा कि उनमें से एक व्यक्ति के शरीर में कुछ हरकत हो रही थी। उसे तत्काल समीप के अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” अधिकारी ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये हैं। मामले की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



