बांग्ला फिल्मों के प्रतिष्ठित अभिनेता सौमित्र चटर्जी का रविवार की शाम पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उनके पार्थिव शरीर को फूलों से सजाई हुई एक खुली गाड़ी में श्मशान घाट तक लाया गया।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ ही कई फिल्मी हस्तियां भी अभिनेता की अंतिम यात्रा में शामिल हुईं।सड़क के दोनों ओर सैकड़ों लोग खड़े थे और पास के घरों में लोगों की भीड़ अपने पसंदीदा अभिनेता के अंतिम दर्शन के लिए छतों पर खड़ी थी।
अभिनेता की अंतिम यात्रा केवड़ातला श्मशान घाट पर पूरी हुई। चटर्जी के अंतिम संस्कार से पहले उन्हें बंदूकों से सलामी दी गई। मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।चटर्जी का कई बीमारियों की वजह से एक महीने से ज्यादा समय तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद रविवार को निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे।


Download Android App
Download iOS App



