आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में चुनाव से पहले एक और ‘गारंटी’ की घोषणा करते हुए शुक्रवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी राज्य की सत्ता में आई तो किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से उपज खरीदने के लिए एक तंत्र भी बनाया जायेगा।देवभूमि द्वारका जिले के द्वारका शहर में किसानों को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भूमि का एक नया सर्वेक्षण करने का भी वादा किया क्योंकि किसान हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा किए गए सर्वेक्षण से खुश नहीं हैं।
आप की सरकार बनवाओ कर्ज माफ करवाओ- आप

केजरीवाल ने कहा, ‘‘हालांकि हर साल एमएसपी की घोषणा की जाती है, लेकिन कृषि उपज उस कीमत पर नहीं बेची जाती है। यह मेरी गारंटी है कि यदि किसानों को कोई अन्य खरीदार नहीं मिलता है तो हमारी सरकार उपज एमएसपी पर खरीदेगी। हम पांच कृषि उपज जैसे गेहूं और धान के साथ शुरुआत करेंगे, और फिर इसमें और उपज जोड़ेंगे।’’उन्होंने कहा कि राज्य में यदि ‘आप’ की सरकार आई तो किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा।उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता चला कि गुजरात में किसानों को अपने खेतों की सिंचाई के लिए रात में बिजली मिलती है। यदि ‘आप’ सत्ता में आती है, तो हम दिन में बिजली देंगे, वह भी 12 घंटे के लिए। हम इस सरकार द्वारा किए गए भूमि सर्वेक्षण को भी रद्द कर देंगे और एक पुन: सर्वेक्षण का आदेश देंगे।’’ केजरीवाल ने वादा किया कि दिल्ली की तरह गुजरात के किसानों को विभिन्न आपदाओं के कारण फसल का नुकसान होने की स्थिति में 20,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App



