गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के नव निर्वाचित विधायक भूपत बयानी ने प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों को खारिज कर दिया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गर्व है।
भयानी ने हाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हर्षद रिबदिया को हराकर विसावदर सीट जीती है। गुजरात के 182 सदस्यीय विधानसभा में आप ने पांच सीटों पर जीत हासिल की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप से कतई नाखुश नहीं हूं और मैंने अभी भाजपा में शामिल होने के बारे में कोई फैसला नहीं किया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं और लोगों से मिलने के बाद ही फैसला लूंगा। फिलहाल मैं आम आदमी पार्टी के साथ हूं ।’’
प्रदेश में कल होने वाले भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले भयानी गांधीनगर में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए भयानी ने कहा, ‘‘मैं गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान भाजपा में एक नेता के रूप में उभरा। (अतीत में) एक प्रतिबद्ध भाजपा कार्यकर्ता और एक गुजराती के रूप में, मेरे लिए यह बहुत गर्व की बात थी जब मोदीजी 2014 में प्रधानमंत्री बने। मुझे अब भी अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है।’’
भयानी ने संकेत दिया कि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र के कई प्रमुख मसले के समाधान के लिये लिए भविष्य में भाजपा का समर्थन करना पड़ सकता है।
इस बीच, भाजपा के बागियों और निर्दलीय विधायकों मावजी देसाई, धर्मेंद्र सिंह वाघेला और धवल सिंह जाला ने दिन में उत्तरी गुजरात के बयाड कस्बे में बैठक की।
तीनों नेता पहले भाजपा के साथ थे, लेकिन हालिया विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था।


Download Android App
Download iOS App



