मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायकों के बाद अब गुजरात के कांग्रेस विधायकों का भी जयपुर आना शुरु हो गया है, गुजरात कांग्रेस के 15 विधायक आज रात जयपुर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान सरकार में मुख्य सचेतक महेश जोशी और उप मुख्य सचेतक महेंद चौधरी ने हवाई अड्डे पर उनकी अगुवानी की। सभी विधायकों को दिल्ली मार्ग पर स्थित एक रिसोर्ट पर ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि कुछ और विधायकों के आने की संभावना है।
राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार को कांग्रेस हाईकमान सबसे सुरक्षित मानकर चल रहा है।
इसके कारण जिस भी राज्य में सियासी संकट के चलते विधायकों को सुरक्षित रखने की बारी आती है तो राजस्थान में बाड़बंदी की जाती है। इससे पहले गत नवम्बर में महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायकों की जयपुर के ब्युना विस्टा रिसॉर्ट में बाड़बंदी की गई थी, मध्यप्रदेश के विधायक दो रिसोट्ऱ््स में रुके हुए हैं और अब गुजरात कांग्रेस के विधायकों को और लाया जा रहा है।
गुजरात में 26 मार्च को राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव होना है। संख्या बल के हिसाब से दो सीटों पर भाजपा और दो पर कांग्रेस जीत दर्ज करती नजर आ रही है, लेकिन भाजपा ने तीसरे उम्मीदवार नरहरि अमीन को उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। उल्लेखनीय है कि श्री अमीन 2012 में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



