कोलकाता : चुनाव आयोग कोलकाता उत्तर संसदीय क्षेत्र के हर मतदान केंद्र पर रविवार को दो-दो ईवीएम की व्यवस्था करेगा। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को कहा कि उम्मीदवारों की संख्या 21 हो जाने के कारण ऐसा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग ने इस कारण दो हजार अतिरिक्त ईवीएम की व्यवस्था की है तथा इनके लिये अधिक कर्मियों को भी तैनात किया है।
कोलकाता उत्तर सीट पर आम चुनाव 2019 के अंतिम चरण में रविवार को मतदान होगा। अधिकारी ने कहा, ‘‘कोलकाता उत्तर संसदीय सीट से 21 उम्मीदवार मैदान में हैं और एक ईवीएम पर अधिकतम 16 उम्मीदवारों की ही जगह होती है। इस कारण हर मतदान केंद्र पर एक अतिरिक्त ईवीएम की जरूरत पड़ी।’’ आयोग को हावड़ा, मालदा उत्तर और दार्जीलिंग संसदीय सीटों पर भी इसी तरह की व्यवस्था करनी पड़ी। हावड़ा में 19 उम्मीदवार मैदान में थे जबकि मालदा उत्तर और दार्जीलिंग में नोटा के विकल्प के इतर 16-16 उम्मीदवार चुनाव में खड़े थे।
कोलकाता उत्तर सीट से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा मैदान में हैं। उनके सामने तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंधोपाध्याय, माकपा की कणिनिका बोस और कांग्रेस के सैयद शाहिद इमाम मैदान में हैं। राज्य में अंतिम चरण के मतदान में 1,49,63,064 मतदाता नौ संसदीय सीटों पर कुल 111 उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



