केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को आत्महत्या के लिये उकसाने की आरोपी अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती से शुक्रवार को 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। वहीं शनिवार को यानि आज भी सीबीआई ने रिया को पूछताछ के लिए तलब किय। रिया चक्रवर्ती सुशांत मामले में सीबीआई पूछताछ के लिए लगातार दूसरे दिन शनिवार को यहां डीआरडीओ के अतिथि गृह पहुंचीं।
सीबीआई की जांच टीम डीआरडीओ के अतिथि गृह में ठहरी हुई है जहां चक्रवर्ती को लेकर एक वाहन दोपहर करीब डेढ़ बजे पहुंचा। उनके साथ पुलिस के वाहन भी थे। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि आज दिन में सीबीआई की टीम ने मुंबई पुलिस से चक्रवर्ती को सुरक्षा प्रदान करने को कहा, पुलिस उसी का पालन कर रही है। सीबीआई की टीम सुशांत के साथ फ्लैट में रहने वाले सिद्धार्थ पिठानी, रसोइया नीरज सिंह, घरेलू सहायक केशव, मैनेजर सैमुअल मिरांडा और अकाउंटेंट रजत मेवाती से शनिवार सुबह से ही पूछताछ कर रही है।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पहली बार सीबीआई के सामने पेश हुईं रिया रात नौ बजे के बाद सांताक्रूज में डीआरडीओ अतिथि गृह से रवाना हुईं। अधिकारी ने कहा कि उन्हें दोबारा पेश होने के लिये कहा गया है। इससे पहले रिया सुबह करीब 10 बजकर 40 मिनट पर अपने घर से अतिथि गृह के लिये निकली थीं, जहां सीबीआई की टीम ठहरी हुई है।
सुशांत केस में अब तक सीबीआई इन लोगों को से कर चुकी है पूछताछ
रिया से पहले, सुशांत के फ्लैट में दिवंगत अभिनेता के साथ रहने वाले सिद्धार्थ पिठानी और मैनेजर सैमुअल मिरांडा डीआरडीओ अतिथि गृह पहुंच चुके थे। अधिकारी ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि केन्द्रीय एजेंसी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रैंक के अधिकारी ने सुशांत सिंह राजपूत मामले के विभिन्न पहलुओं पर अभिनेत्री से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि पिठानी को दोपहर में सीबीआई के अधिकारी डीआरडीओ अतिथि गृह परिसर से ले गये थे। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें बांद्रा कुर्ला परिसर में सीबीआई कार्यालय ले जाया गया था और शाम लगभग साढ़े सात बजे उन्हें वापस लाया गया। सीबीआई की टीम सुशांत मौत मामले की जांच के लिये बीते आठ दिन से शहर में है। बृहस्पतिवार को उसने रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती का बयान दर्ज किया था।
सीबीआई अब तक पिठानी, रसोइये नीरज सिंह और घरेलू सहायक दीपेश सावंत समेत कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है।एजेंसी ने राजपूत के चार्टर्ड अकाउंटेंट संदीप श्रीधर और अकाउंटेंट रजत मेवाती के बयान भी दर्ज किए हैं। सीबीआई के मामले की जांच का जिम्मा संभालने से पहले मुंबई पुलिस ने राजपूत आत्महत्या के सिलसिले में रिया चक्रवर्ती का बयान दर्ज किया था। गौरतलब है कि 34 वर्षीय अभिनेता का शव 14 जून को बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में फंदे से लटका हुआ मिला था।


Download Android App
Download iOS App



