देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप जारी है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हर ऐहतियात कदम बरते जा रहे है लेकिन वायरस का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना वायरस का खौफ मध्य प्रदेश में लगातार तेज हो रहा है। कोरोना के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में महामारी से दो और मरीजों की मौत की पुष्टि की गयी है।
इसके साथ ही जिले में इस वायरस के संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 76 पर पहुंच गयी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने रविवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित पायी गयी 55 वर्षीय महिला और 59 वर्षीय पुरुष ने शहर के अलग-अलग अस्पतालों में पिछले तीन दिन के दौरान आखिरी सांस ली। जड़िया ने बताया कि कोविड-19 संक्रमित होने के बाद दम तोड़ने वाली महिला मधुमेह और थायराइड सरीखी पुरानी बीमारियों से पीड़ित थी।
कोरोना संकट : नासिक से यूपी के 800 से अधिक श्रमिकों को लेकर विशेष ट्रेन लखनऊ पहुंची
वहीं मृतक पुरुष उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पहले ही जूझ रहा था। सीएमएचओ ने बताया कि रेड जोन में शामिल जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 23 और मरीज मिलने के बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,545 से बढ़कर 1,568 पर पहुंच गयी है। इनमें से 350 मरीजों को इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि रविवार सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.85 प्रतिशत थी। हालांकि, पिछले 24 दिन के दौरान इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गयी है। इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।


Download Android App
Download iOS App



