कोरोना संकट : नासिक से यूपी के 800 से अधिक श्रमिकों को लेकर विशेष ट्रेन लखनऊ पहुंची

Summary :

उत्तर प्रदेश के आठ सौ से अधिक श्रमिकों को लेकर महाराष्ट्र के नासिक से चली पहली विशेष ट्रेन रविवार को सुबह छह बजे राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची ।

उत्तर प्रदेश, झारखंड और विभिन्न राज्यों द्वारा रोजगार एवं अन्य कारणों से प्रवास पर गये अपने निवासियों की बेसब्री से बांट निहारने के बीच शनिवार को कई ‘‘नॉन स्टाप’’ श्रमिक विशेष ट्रेनें चलाई गयी ताकि लॉकडाउन के कारण फंसे हुए श्रमिकों को उनके मूल राज्यों तक पहुंचाया जा सके। रेलवे ने एक दिन पहले ही इस तरह की ट्रेनों को परिचालित करने का सिलसिला शुरू किया था। जिसके बाद उत्तर प्रदेश के आठ सौ से अधिक श्रमिकों को लेकर महाराष्ट्र के नासिक से चली पहली विशेष ट्रेन रविवार को सुबह छह बजे राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची ।
कोरोना वायरस से संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन के चलते ये श्रमिक 25 मार्च से नासिक में फंसे हुए थे। देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान किसी दूसरे राज्य से प्रवासियों को लेकर उत्तर प्रदेश आने वाली यह पहली ट्रेन है। अपर मुख्य सचिव गृह, सूचना अवनीश अवस्थी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया था कि उत्तर प्रदेश के मजदूरों को महाराष्ट्र के नासिक से लेकर आने वाली ट्रेन शनिवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे वहां से रवाना हुई थी । उन्होंने बताया था कि महाराष्ट्र और गुजरात में रह रहे उत्तर प्रदेश के मजदूरों को लाने के लिये वहां के अधिकारियों से लगातार बातचीत हो रही है ।
यह विशेष ट्रेन झांसी तथा कानपुर होते हुये रविवार को सुबह लखनऊ पहुंची । रेलवे ने एक मई को मजदूर दिवस पर घोषणा की थी कि वह ‘श्रमिक स्पेशल’ ट्रेनें चलायेगी, जो 25 मार्च से लॉकडाउन की घोषणा के बाद से दूसरे राज्यों में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और छात्रों को उनके संबंधित गृह राज्य पहुंचाने के लिये होंगी। रेलवे ने पहली ट्रेन शुक्रवार को सुबह चार बजकर पचास मिनट पर हैदराबाद से झारखंड के लिए रवाना की थी ।

Desk Team