उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक कर्नल, एक मेजर, सेना के दो जवान और पुलिस सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि हंदवाड़ा के चांजमुल्ला इलाके में हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी भी मारे गए। यह इलाका उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि सेना के अधिकारी आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाए गए नागरिकों को बचाने जा रही टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज, एक लांस नायक, एक राइफलमैन और पुलिस उप-निरीक्षक शकील काज़ी शनिवार दोपहर बाद हुई मुठभेड़ में आतंकियों से लोहा लेते वक्त शहीद हो गए। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शहीद सुरक्षाकर्मियों में सेना अधिकारी कर्नल आशुतोष शर्मा और मेजर अनुज तथा जम्मू कश्मीर पुलिस के उपनिरीक्षक शकील काजी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में हंदवाड़ा के चांजमुल्ला इलाके में शनिवार को एक मकान में छिपे आतंकवादियों ने कुछ नागरिकों को बंधक बना लिया और कर्नल शर्मा नागरिकों को मुक्त कराने वाली टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
अधिकारियों ने कहा कि जब बंधकों को छुड़ाया जा रहा था तो बचाव टीम पर आतंकवादियों ने भारी गोलीबारी कर दी। सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। बचाव टीम में एक लांस नायक और एक राइफलमैन भी शामिल थे।अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के सुरक्षाबलों ने बड़ा अभियान शुरू किया क्योंकि उनका कर्नल या उनकी टीम के साथ कोई संपर्क नहीं हो पाया था। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में दो आतंकवादी भी मारे गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में शनिवार को चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान दो अधिकारियों सहित सुरक्षा बल के पांच जवान लापता होने की खबर थी। मगर रविवार को पुष्टि हो गई कि ये जवान शहीद हो गए हैं। शनिवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा के चांजमुल्ला इलाके में शुक्रवार को तलाश अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके में कड़ी तलाशी और छानबीन की। शनिवार शाम को हालांकि आतंकवादियों से सुरक्षा बलों का सामना हुआ और मुठभेड़ शुरू हुई।


Download Android App
Download iOS App



