वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर देश भर में लगातार जारी है। वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र सरकार के तरफ से 17 मई तक देशव्यापी लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन के कारण राजस्थान के कोटा में फंसे दिल्ली के करीब 800 छात्र 40 बसों में रविवार सुबह कश्मीरी गेट आईएसबीटी पहुंचे।

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बताया कि छात्रों को चिकित्सा जांच के बाद कश्मीरी गेट आईएसबीटी से उनके घर भेजा जाएगा। कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) पर सहायता डेस्क बनाए गए हैं जहां छात्रों की चिकित्सा जांच और उन्हें डीटीसी की बसों से उनके घर पहुंचाने में मदद के लिए डॉक्टरों, पुलिसकर्मियों, परिवहन, नागरिक सुरक्षा तथा अन्य कर्मियों को तैनात किया गया है।

दिल्ली सरकार के छात्रों को वापस लाने के अभियान के नोडल अधिकारी राजीव सिंह ने कहा कि ‘‘कोटा से कुल 800 छात्रों को लाया गया है। सभी छात्रों का स्वास्थ्य ठीक है।’’ कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन की वजह से मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी कर रहे छात्र कोटा में फंस गए थे और उनके माता-पिता ने दिल्ली सरकार से उन्हें वापस लाने की अपील की थी।


Download Android App
Download iOS App



