भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद कल 24 जुलाई को प्रथम गृह जनपद आगमन पर महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री व मुंबई में उत्तर भारतीय समाज के प्रमुख नेता कृपाशंकर सिंह का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार 51 स्थानों पर अभिनंदन की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के ग्राम विकास मंत्री राजेंद्र सिंह और विशिष्ट अतिथि गोरखपुर के सांसद एवं भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन होंगे। मुंबई की उत्तर भारतीय राजनीति में कृपाशंकर सिंह एक जाना पहचाना चेहरा है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार के जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के हटाए जाने का समर्थन करते हुए 10 सितंबर 2019 को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा की औपचारिक सदस्यता ग्रहण करने के बाद 24 जुलाई को वे अपने गृह जनपद जौनपुर आ रहे हैं। इस दौरान जनपद सीमा पर त्रिलोचन बाजार के समीप सैकड़ कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे, जहां से सैकड़ चार पहिया वाहनों के साथ उनका काफिला चलेगा।
इसके बाद जगदीशपुर क्रॉसिंग, अहियापुर सहित कुल 51 स्थानों पर स्वागत की तैयारी है। इसके पश्चात दिन में 12 बजे उत्सव मोटेल में कृपाशंकर सिंह का स्वागत व अभिनंदन उनके समर्थकों, भाजपा कार्यकर्ताओं व जनपदवासियों द्वारा किया जाएगा, जिसमें भाजपा के सभी पार्टी पदाधिकारी, दोनों सांसद, राज्यमंत्री, सभी विधायक उपस्थित रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



