कंगना रनौत के दफ्तर में अवैध निर्माण को तोड़ने के बाद अब मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को उनके ऑफिस की बिल्डिंग में कथित रूप से अनधिकृत परिवर्तन (unauthorised alterations) करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बीएमसी ने इस संबंध में मनीष मल्होत्रा से सात दिनों के अंदर जवाब मांगा है।
बीएमसी ने बुधवार को अभिनेत्री कंगना रानौत के बांद्रा स्थित ऑफिस के एक हिस्से को अवैध बताते हुए तोड़फोड़ की थी। कार्रवाई करने से कुछ वक्त पहले ही बीएमसी ने कंगना को नोटिस दिया था और अवैध निर्माण तोड़ने को कहा था। इसके कुछ ही देर में बीएमसी के अधिकारी हथौड़ा लेकर कंगना के दफ्तर जा पहुंचे। कंगना के वकील ने जब तक बॉम्बे हाई कोर्ट से स्टे लिया तब तक उनका काफी नुकसान हो चुका था। एस जे कथावाला और रियाज छागला की बेंच ने बीएमसी के इस एक्शन को दुर्भावनापूर्ण बताया था।
कंगना के दफ्तर को तोड़ने के बाद बीएमसी ने कोर्ट में याचिका देकर खार में बने कंगना के फ्लैट में 8 अवैध निर्माण गिनाए और उसे भी तोड़ने की अनुमति मांगी थी। इसपर प्रतिक्रिया करते हुए कंगना ने ट्वीट किया कि उद्धव सरकार और करण जौहर को निशाने पर लिया। कंगना ने लिखा था कि वह अब चाहें जिंदा रहें या मर जाएं लेकिन उद्धव ठाकरे और करण जौहर गैंग का पर्दाफाश करके रहेंगी।


Download Android App
Download iOS App



